
जबलपुर। जनगणना 2027 के एक मई से प्रारंभ हुये प्रथम चरण के अंतर्गत जिले के आठ गणना ब्लॉक में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष सभी गणना ब्लॉक में यह कार्य प्रगति पर है। जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य समय-सीमा में पूरा कर लिया जायेगा।
जिला जनगणना अधिकारी संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन ने यह जानकारी देते हुये बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मध्यप्रदेश में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 30 मई तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है। जनगणना 2027 के दूसरे चरण में जनगणना फरवरी माह में होगी। जनगणना के लिए संदर्भ तारीख एक मार्च 2027 की रात होगी। जनगणना के आंकड़े इसी तारीख की स्थिति के अनुसार दर्ज होंगे।
जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि तय समय सारिणी के मुताबिक जिले में दस मई तक 40 प्रतिशत, 15 मई 70 प्रतिशत तथा 20 मई तक शत-प्रतिशत मकानों का सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य पूरा किये जाने का लक्ष्य रखा गया है। जनगणना के प्रथम चरण में जिले में 4 हजार 409 गणना ब्लॉकों में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य चल रहा है। इनमें 2 हजार 439 ग्रामीण और 1 हजार 970 नगरीय ब्लॉक शामिल हैं। जिले में कुल 36 गणना चार्ज बनाये गये हैं। जिले में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 4 जिला मास्टर ट्रेनर्स, 36 चार्ज जनगणना अधिकारियों, 98 फील्ड ट्रेनर्स और 664 पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन में 3 हजार 936 प्रगणक घर-घर जाकर कर रहे हैं। प्रगणक मकान सूचीकरण खण्ड (एचएलबी) की पहचान, लेआउट मैप और ऐप डाउनलोड कर जनगणना पोर्टल, एचएलओ एप और सीएमएमएस के जरिए यह कार्य कर रहे हैं।
