मुंबई, 05 मई (वार्ता) विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को प्रमुख सूचकांक नीचे बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 251.61 अंक (0.33 प्रतिशत) गिरकर 77,017.79 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स की शुरुआत गिरावट में हुई थी और दोपहर तक यह 750 अंक से ज्यादा टूट गया था, लेकिन बाद में इसने काफी हद तक वापसी की। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 86.50 अंक यानी 0.36 प्रतिशत फिसलकर 24,032.80 अंक पर रहा। दोनों सूचकांक पिछले कारोबारी दिवस पर बढ़त में बंद हुए थे। वृहद बाजार में लिवाली का जोर रहा। मझौली कंपनियों का मिडकैप-50 सूचकांक 0.07 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.28 प्रतिशत ऊपर रहा।
ऑटो, एफएमसीजी और फार्मा सेक्टरों में अच्छी तेजी रही जबकि रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और बैंकिंग सेक्टरों के सूचकांक नीचे बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर लगभग साढ़े तीन फीसदी मजबूत हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट में डेढ़ प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में एक प्रतिशत की तेजी रही। बजाज फाइनेंस, इंफोसिस और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी हरे निशान में रहे। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर डेढ़ प्रतिशत टूट गया। इटरनल, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और एलएंडटी के शेयर भी एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट में रहे। मारुति सुजुकी, अडानी पोर्ट्स, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, इंडिगो, ट्रेंट और एनटीपीसी के शेयर भी गिर गये।

