इंदौर: मेट्रो परियोजना के लिए बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने मांगलिया स्थित 220 केवी सबस्टेशन पर 200 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर उसे चालू कर दिया है. इसका मुख्य उद्देश्य इंदौर मेट्रो को निरंतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना है.
यह काम आसान नहीं था क्योंकि खजराना जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में अतिरिक्त बिजली ढांचा तैयार करना तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण था. इसके बावजूद एमपी ट्रांसको के इंजीनियरों ने अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए ट्रांसफार्मर और फीडरों के लिए उपयुक्त स्थान तय किया, जिससे इंदौर शहर से खजराना मेट्रो स्टेशन तक बिजली पहुंचाना संभव हो सका. मेट्रो परियोजना के लिए बिजली आपूर्ति दो 132 केवी डेडिकेटेड सर्किटों के माध्यम से की जाएगी, जिससे खजराना स्थित मेट्रो सबस्टेशन को पर्याप्त और भरोसेमंद बिजली मिल सकेगी. इस कार्य के लिए मेट्रो परियोजना की ओर से लगभग 26.26 करोड़ रुपये जमा किए गए थे, जिसके बाद यह काम एमपी ट्रांसको की देखरेख में पूरा हुआ.
शहर की बिजली व्यवस्था मजबूत हुई
इस नए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से न केवल मेट्रो परियोजना को लाभ मिलेगा, बल्कि पूरे इंदौर शहर की बिजली व्यवस्था भी मजबूत हुई है. अब शहर की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता बढ़कर 4652 एमवीए हो गई है, जिससे भविष्य में बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करना और आसान होगा
