रीवा: शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है, एक ओर जहा नगर निगम आयुक्त और महापौर स्वच्छता को लेकर बैठक ले रहे है. वही मानस भवन के पास स्थित कचरा डंपिंग प्वाइंट कचरे से भर चुका है और नाले में कचरा बहाया जा रहा है. इतना ही नही डंपिंग प्वाइंट के बाहर मैदान में भी कचरा एकत्र किया गया है जिसका उठाव न होने से दुर्गंध से स्थानीय लोग परेशान है.
हर माह कचरा उठाने और पहडिय़ा कचरा प्लांट तक कचरा ले जाने वाली रैमकी कम्पनी लाखों का भुगतान ले रही है. लेकिन शहर के बीच डंपिंग प्वाइंट का कचरा नही उठाया जा रहा है. यार्ड के अंदर जितना कचरा रखा है उतना ही बाहर मैदान में रखा हुआ है और बगल से निकलने वाले अमहिया नाले में कचरा बहाया जा रहा है जो कि पूरी तरह से गलत है और पर्यावरण के लिहाज से भी खतरनाक है. जिम्मेदार नगर निगम के अधिकारियों को दिखाई नही दे रहा है. आसपास आवासीय भवन है और दुकाने है दिन भर लोगो का आना-जाना लगा रहता है.
दुर्गंध से स्थानीय लोगो का हाल बेहाल है, रैमकी कम्पनी वालो से जब कचरा उठाने के लिये कहा गया तो उन्होने कोई जवाब नही दिया. लिहाजा लोगो ने महापौर से इसकी शिकायत की. कचरा प्वाइंट के अंदर जितना कचरा रखा है उससे ज्यादा बाहर फैला हुआ है. नाले के तरफ दीवाल बनी थी जो गिर गई उसके बाद नाले में कचरा न जाय इसके लिये कोई इंतजाम कम्पनी ने नही किया. लाखों का भुगतान लेने वाली कम्पनी नाले में कचरा बहा रही है. स्वच्छता को लेकर भले ही तमाम निर्देश दिये जा रहे है लेकिन कम्पनी स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रही है. मोहल्लो का भी कचरा नही उठाया जाता, जिसके कारण कचरे का ढ़ेर लगा रहता है.
दुर्गंध से परेशान है मोहल्ले के लोग
स्थानीय निवासी मो. सलीम ने बताया कि दुर्गंध के बीच रहने की आदत हो गई है. डंपिंग प्वाइंट में कचरा पड़ा रहता है शिकायत के बाद कोई जवाब नही मिलता. मक्खियों और दुर्गंध के बीच रहने को विवश है. घर के बाहर खड़ा होना मुश्किल हो रहा है. न तो स्थानीय पार्षद सुनते है और न ही अधिकारी, यहा से डंपिंग प्वाइंट हटाया जाय.
वही दूसरी तरफ दुकान चला रहे महेश वर्मा ने बताया कि हम लोग किसी तरह से रह रहे है लेकिन जो ग्राहक आते है वह दो मिनट नही रूकते. हवा जब चलती है तो इतनी दुर्गंध होती है कि कोई खड़ा नही हो सकता. रैमकी कम्पनी के लोग कचरा बाहर गिराते है और उठाते नही है, खुलेआम नाले में कचरा बहाया जा रहा है जिससे नाला भी पट रहा है.
कचरा हटाने को बोला गया है: महापौर
महापौर अजय मिश्रा बाबा ने कहा कि मानस भवन के पास जो डंपिंग प्वाइंट है उसके बाहर कचरा फैलने की और उठाव न किये जाने से आ रही दुर्गंध की शिकायत मिली है. तत्काल कम्पनी प्रबंधन एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि कचरे को उठाकर कचरा प्लांट भेजा जाय और सफाई कराई जाय. इस तरह की लापरवाही मिलने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी. साथ ही महापौर ने बताया कि डंपिंग प्वाइंट को यहा से हटा कर दूसरे स्थान पर स्थापित करने की योजना है
