भगवान परशुराम के जयघोष से गूंजा मुरार शहर, ब्राह्मण सभा मुरार ने निकाला चल समारोह

ग्वालियर। ब्राह्मण सभा मुरार के तत्वाधान में भगवान श्रीपरशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर चल समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ब्राह्मण समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। चल समारोह की शुरूआत भगवान परशुराम मंदिर घासमंडी मुरार से हुई, जहां दोपहर से ही विप्र बंधुओं का जुटना प्रारंभ हो गया था। चल समारोह प्रारंभ होने से पहले मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर महाआरती की।

इसके बाद उपस्थित सभी समाजजनों को भगवा साफा पहनाकर एकजुटता और धर्म के प्रति आस्था का संदेश दिया गया। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ सुसज्जित रथ में भगवान परशुराम की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने सभी का मन मोह लिया।

चल समारोह जैसे ही शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा, भगवान परशुराम की जय के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। युवा, बुजुर्ग और बच्चे पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए और अनुशासन के साथ यात्रा को आगे बढ़ाते रहे। मार्ग में श्रद्धालु जगह-जगह फूलों की वर्षा कर भगवान की झांकी का स्वागत करते नजर आये । चल समारोह में श्री श्री 1008 रामदास महाराज दंदरौआ सरकार, श्री हरि दास जी महाराज जड़ेरुआ सरकार भी शोभायमान रहे।

चल समारोह के संयोजक शेरु दंडोतिया एवं मीडिया प्रभारी पंकज पाठक ने बताया कि यह चल समारोह भगवान परशुराम मंदिर से प्रारंभ होकर घासमंडी, सदर बाजार, बारादरी चौराहा, माल रोड, खुला संतर, अग्रसेन चौराहा, गिर्राज मंदिर होते हुए भगवान परशुराम मंदिर पहुंचा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और आम नागरिकों द्वारा जगह-जगह स्वागत मंच लगाकर शोभायात्रा का भव्य अभिनंदन किया गया। कहीं शीतल पेय वितरित किए गए तो कहीं पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया गया।

भगवान परशुराम मंदिर पहुंचने पर विधिवत महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के साथ ही पूरे आयोजन का धार्मिक वातावरण में समापन हुआ।

चल समारोह में ब्राह्मण सभा मुरार के अध्यक्ष पंडित राम पाठक, संरक्षक पंडित नरेश कटारे, पूर्व अध्यक्ष वासुदेव शर्मा, महामंत्री रामबाबू शर्मा नरेश पचौरी, कोषाध्यक्ष संतोष पाठक, महिला अध्यक्षा श्रीमती कांता शर्मा, चल समारोह की महिला संयोजक श्रीमती नेहा शर्मा, अनामिका शर्मा, पूजा त्रिपाठी,उप संयोजक गणेश समाधिया, युवा संयोजक शिवम ढ़मोले, सुमित पाठक, दिनेश डंगरोलिया, मीडिया प्रभारी पंकज पाठक एवं सैकड़ों विप्रजन मौजूद रहे।

Next Post

किसानों को उनका वैभव लौटाने का लिया गया है संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Sun May 3 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मिशन मोड में लागू कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस पूरे वर्ष किसानों को उनका वैभव लौटाने का संकल्प लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों की आमदनी बढ़ाना, कृषि लागत को […]

You May Like