
नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने राजस्थान के उदयपुर और मध्य प्रदेश के जावरा में दो अलग-अलग अभियानों में कुल 1621.530 किलोग्राम (16 क्विंटल से अधिक) अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इन मामलों में तस्करी में प्रयुक्त दो टाटा ट्रकों को भी जब्त किया गया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नारकोटिक्स विभाग को सूचना मिली थी कि माफिया चूने और स्लेट पेंसिल जैसे वैध व्यापार की आड़ में नशे की बड़ी खेप को ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहे हैं। इस खुफिया जानकारी के आधार पर सीबीएन ने दो दिनों के भीतर ये दो बड़ी कार्रवाईयां कीं।
पहली कार्रवाई सीबीएन नीमच और उदयपुर की संयुक्त टीम ने उदयपुर बायपास पर सेक्टर-12 हिरण मगरी के पास की। टीम को सूचना मिली थी कि चित्तौडग़ढ़ से एक ट्रक डोडाचूरा लेकर गुजरात की ओर जा रहा है। घेराबंदी कर ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान, ट्रक के ऊपर चूने की बोरियां भरी हुई थीं, लेकिन नीचे 10 प्लास्टिक बैग्स में 204.130 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इस मामले में ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई जावरा-मंदसौर हाईवे पर चुरूवाला दाल मिल के सामने की गई। सीबीएन को इनपुट मिला था कि प्रतापगढ़ (राजस्थान) से भारी मात्रा में नशा महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। टीम ने रात भर हाईवे पर निगरानी रखी और सुबह संदिग्ध ट्रक को रोका। इस ट्रक में ऊपर स्लेट पेंसिल का माल भरा था, जिसकी आड़ में 70 काले प्लास्टिक कट्टों में 1417.400 किलोग्राम डोडाचूरा छिपाया गया था। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार, दोनों ही मामलों में एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत केस दर्ज किया गया है। विभाग अब तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगाल रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह माल कहां से लाया गया था और आगे किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।
