इंदौर:राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात ड्यूटी पर तैनात दो आरक्षकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. हादसे में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुआ है. दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. कार चला रहा पुलिसकर्मी नशे में था, जिसे मौके से पकड़ लिया.पुलिस के मुताबिक बीट बिजलपुर में आरक्षक प्रमोद त्यागी और भूरालाल जामले रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक गश्त पर थे. दुर्गानगर एबी रोड के पास दोनों बाइक से गश्त के दौरान खड़े थे, तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों आरक्षक उछलकर दूर जा गिरे. हादसे में भूरालाल जामले के पेट, सिर और पैरों में गंभीर चोट आई है, जबकि प्रमोद त्यागी के पैरों में चोट लगी है. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. राहगीरों ने तत्काल दोनों घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है.
थाना प्रभारी यशवंत बडोले ने बताया कि जांच में सामने आया कि कार डीआरपी लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी विजय चौहान चला रहा था. आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है, आगे की कार्रवाई की जा रही है.
