
सारनी। सूदखोरी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई के बीच सारनी थाना पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने कर्ज के नाम पर एक ग्रामीण से मूल राशि से कहीं अधिक रकम वसूलने के बावजूद भी उत्पीड़न जारी रखा।
पुलिस के अनुसार, ग्राम धाड़गांव (थाना रानीपुर) निवासी परसराम वरकड़े (45) ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने वर्ष 2023 से 2025 के बीच आरोपी दीपक कुमार डहारे से ₹6,68,400 उधार लिए थे। फरियादी ने समय-समय पर कुल ₹10,20,950 चुका दिए, लेकिन इसके बाद भी आरोपी द्वारा अत्यधिक ब्याज की मांग करते हुए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और उसके दो खाली चेक भी अपने पास रख लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सारनी में म.प्र. ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937, म.प्र. साहूकार अधिनियम तथा बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से दोनों खाली चेक बरामद किए।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध ब्याज वसूली या धमकी की स्थिति में तुरंत शिकायत करें और बिना वैध दस्तावेज के लेन-देन से बचें। सूदखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
