
भोपाल। नीट यूजी-2026 परीक्षा को लेकर गांधी चिकित्सा महाविद्यालय प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। कॉलेज प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आज और कल 3 मई को किसी भी मेडिकल छात्र को अवकाश नहीं दिया जाएगा। यह निर्णय परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
डीन कार्यालय द्वारा सभी विभागाध्यक्षों को इस बारे में निर्देशित किया गया है कि निर्धारित तिथियों पर किसी भी छात्र-छात्रा की छुट्टी स्वीकृत न की जाए। प्रशासन का कहना है कि यह आदेश नेशनल मेडिकल कमीशन और भारत सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जारी किया गया है।
कॉलेज प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान मेडिकल छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
