ग्वालियर: आमजनों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने और शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ हितग्राहियों को तत्परता से मिले, इस उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान रात्रिकालीन चौपाल के माध्यम से भितरवार विकासखंड के ग्राम दौलतपुर पहुँचीं और गाँव के मध्य में ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, एडिशनल एसपी जयराज कुबेर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजीव समाधिया सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी साथ थे।
रात्रिकालीन चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी-अपनी बात रखी। चौपाल में ग्रामीणों के समक्ष बीपीएल सूची का वाचन भी कराया गया। ग्रामीणों द्वारा गाँव के 5 लोगों को गरीब होने के कारण सूची में जोड़ने की मांग की गई। इसके साथ ही 5 ऐसे लोग जो गांव से बाहर गए हैं अथवा मृत्यु हो गई है उनके नाम हटाने की सहमति भी दी गई। रात्रिकालीन चौपाल में विभागीय अधिकारियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर भी ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याओं के संबंध में आवेदन दिए।
कलेक्टर ने कहा है कि जो भी आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं उनका तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जायेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि सभी लोग शांति और सदभाव के साथ रहें, पुलिस उनकी सुरक्षा के लिये तैनात है। किसी भी प्रकार की कोई भी समस्या हो एवं कोई भी जानकारी आपको मिलती है तो तत्काल पुलिस का सहयोग करें। पुलिस आपकी सहायता के लिये तत्पतर है। सभी के सहयोग से गांव में व्यवस्थित एवं सुंदर सामुदायिक भवन का निर्माण होगा।
