जबलपुर: शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है । स्वच्छता में जबलपुर को इस बार प्रथम पायदान पर पहुॅंचाने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा बड़े पैमाने पर जमीनी स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। प्रयासों के अंतर्गत स्वच्छता टीम के सदस्यों द्वारा शहरभर में घर-घर दस्तक देकर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और शासन द्वारा निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप शहर भर में स्वच्छता के कार्यो को भी जमीनी धरातल पर कराया जा रहा है।
इसके साथ-साथ सिटी ब्यूटीफिकेशन के लिए भी पेंटिंग, वॉल राईटिंग, पौधरोपण, कबर्ड जाली का निर्माण, दोनों पालियों में बेहतर सफाई के साथ-साथ रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था और घर-घर से कचरा प्रबंधन के कार्य भी व्यवस्थित तरीके से लगातार कराये जा रहे हैं। इसके अलावा स्वच्छता मापदण्डों के तहत् शहर में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने कई प्रकार के प्लांटों की स्थापना कर बेहतर संचालन से शहर की सफाई व्यवस्था एवं स्वच्छता अभियान में बहुत तेजी आई है। इस वर्ष जबलपुर स्वच्छता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने को टारगेट करते हुए जमीनी धरातल पर कार्य कर रहा है।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार ने फीडबैक देने के लिए क्यूआर कोड जारी कर दिया है। शहर में इन दिनों इसको लेकर जागरुकता अभियान भी चलाया जा रहा है। नगर निगम टीम के सदस्यों ने आमजन को फीडबैक देने के लिए जागरूक कर रहे हैं। वे लिंक और क्यूआर कोड भी दे रहे हैं। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि इस फीडबैक के लिए मोबाइल पर एक ओटीपी भी आता है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि शहरवासी अपना नंबर दर्ज कर फीडबैक दे सकते हैं। इसके लिए फीडबैक देने से पहले एक ओटीपी मोबाइल पर आएगा पूरा फीडबैक सबमिट होने के बाद ही ओटीपी सबमिट करना है। फीडबैक के सवालों का जवाब विकल्प के रूप में मौजूद रहता है।
13 सवालों के देने होंगे जवाब
क्या आपके घर, दुकान से रोजाना कचरा उठाया जाता है? क्या आपका घर, दुकान कचरे को फेंकने से पहले कम से कम सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करता है? क्या कचरा उठाने वाला कचरा अलग-अलग तरीके से (कैटेगरी के अनुसार) उठाकर गाड़ी में डालता है, या उठाने, लोड करने के दौरान उसे मिला देता है? क्या आपके इलाके में रोजाना झाडू लगाई जाती है? आप आपने इलाके की साफ-सफाई को साफ-सफाई के मामले में कैसे रेट करेगें? आप आपने इलाके के आस-पास कितनी बार लावारिस कूड़े के ढेर या कचरे के ढेर देखते हैं? समेत कुल 13 सवालों के जवाब देंगे होगे ।
फीडबैक दें, शहर का मान राष्ट्रीय स्तर पर और बढ़ेगा
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शहर के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पार्षद साथियों, सभी शासकीय-अशासकीय विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, स्वयं सेवी संगठनों एवं व्यापारी बंधुओं से भी अपील की है कि अपने शहर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने शहरहित में स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025-26 की प्रतियोगिता में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करते हुए साकारात्मक फीडबैक दें ताकि अपने शहर का मान राष्ट्रीय स्तर पर और बढ़ सके।
