नर्मदापुरम। पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 342 लीटर अंग्रेजी व देशी शराब सहित एक कार जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन में 30 अप्रैल 2026 को थाना पथरौटा को सूचना मिली कि बैतूल से एक काले रंग की क्रेटा कार शराब लेकर आ रही है। पुलिस ने एनएच-46 पर बैरियर लगाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक यू-टर्न लेकर भागने लगा। पीछा करने पर सुखतवा के आगे डांडीबाड़ा के पास कार अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गई। तलाशी में 27 पेटी अंग्रेजी और 11 पेटी देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज बामने और ममता उईके के रूप में हुई है। जब्त मशरुका की कुल कीमत 11.04 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
