
ग्वालियर। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में शहर के पार्कों के रखरखाव, डिवाइडरों पर पौधारोपण और फाउंटेंस की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने पार्क विभाग की समीक्षा के दौरान डिवाइडरों में पौधों में पानी नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी व्यक्त की। इसके साथ ही सुपरवाइजरों से ग्रीन ग्वालियर, क्लीन ग्वालियर अभियान के तहत किए जाने वाले पौधारोपण को लेकर पार्क सुपरवाइजरों से प्लानिंग पूछी। पार्क सुपरवाइजरों द्वारा अभी तक पौधारोपण के लिए जगह का चयन नहीं किए जाने को लेकर निगम आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए सुपरवाइजरों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दो दिन में शासकीय भूमि, पहाडियों, पार्कों, डिवाइडरों का सर्वे कर पौधरोपण के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।
गर्मी के मौसम में जल समस्या को देखते हुए निगमायुक्त संघ प्रिय ने अवैध वाहन धुलाई सेंटरों पर सख्ती से कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी निर्देशानुसार सभी सहायक यंत्री, पीएचई एवं मदाखलत अमले को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत चल रहे वाहन धुलाई सेन्टरों को चिन्हित कर तत्काल बन्द कराएं। जिस क्षेत्र में वाहन धुलाई सेंटर संचालित होना पाया गया तो उस क्षेत्र के उपयंत्री, सहायक यंत्री एवं मदाखलत प्रभारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। बैठक में अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, नोडल अधिकारी पार्क मुकेश बंसल, पार्क अधीक्षक शैलेंद्र चौहान उपस्थित थे।
