
रीवा। सिटी कोतवाली पुलिस ने शराब की तस्करी का भांडाफोड़ किया है. तस्कर पुलिस को चकमा देने शादी के सीजन का फायदा उठाकर वाहन में शादी का पम्पलेट चिपका कर शराब की खेप ढो रहे थे. पुलिस ने फिलहाल मुखबिर से मिली सूचना के बाद उक्त वाहन की घेराबंदी की और वाहन सहित तस्कर को पडक़र उसके कब्जे से 9 पेटी शराब की अवैध खेप को जप्त किया है. बताया जा रहा है कि पकड़ी गई यह खेप तस्कर द्वारा रीवा से सतना ले जाई जा रही थी.
फिलहाल पुलिस ने वाहन में सवार अमन सिंह बघेल नाम के शातिर तस्कर को भी गिरफ्तार किया है, जो सीधी जिले का रहने वाला बताया गया है. जिसके खिलाफ पूर्व से कई तस्करी सहित आपराधिक मामले दर्ज है. दरअसल यह कार्रवाई बीती देर रात शहर की सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने की है. थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की बोलेरो वाहन जिसमें शादी का पेंपलेट चिपका हुआ है, उक्त वाहन में शराब की बड़ी खेप लेजा जा रही है. पुलिस ने सूचना की तस्दीक करने के उपरांत निपनिया तिराहे में स्थित सोनी बिल्डिंग के समीप घेराबंदी की और उक्त वाहन को पकड़ कर जब तलाशी ली गई तो वाहन 9 पेटी शराब लोड मिली. पुलिस के मुताबिक मौके से अमन सिंह बघेल नमक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है जिसके ऊपर पूर्व से तस्करी सहित कई आपराधिक मामले सीधी जिले में दर्ज है. फिलहाल वाहन सहित शराब की खेप को जप्त कर लिया गया है और आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
