भाजपा का प्रशिक्षण: क्यूआर कोड से पंजीयन और सरल ऐप पर ऑनलाइन परीक्षा

बनखेड़ी। भारतीय जनता पार्टी, जिला नर्मदापुरम के तत्वावधान में ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ के अंतर्गत चादौन मंडल का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में मंडल के पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान संगठन सुदृढ़ीकरण, बूथ प्रबंधन एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम दिवस दीप प्रज्ज्वलन एवं ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ। प्रथम सत्र में अखिलेश खंडेलवाल ने ‘कार्य विस्तार’ विषय पर मार्गदर्शन दिया। द्वितीय सत्र में प्रसन्ना हर्णे ने ‘बूथ प्रबंधन’ एवं ‘मन की बात’ कार्यक्रम की महत्ता को रेखांकित किया।

शाम के सत्रों में जिला भाजपा अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने ‘कार्य पद्धति एवं कार्यकर्ता प्रबंधन’ पर अपने विचार रखे, वहीं विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। दिन का समापन सांस्कृतिक एवं प्रतिभा प्रदर्शन कार्यक्रमों के साथ हुआ।

दूसरे दिन की शुरुआत योग एवं प्रार्थना से हुई। तकनीकी युग को ध्यान में रखते हुए मुकेश मैना ने सोशल मीडिया, एआई नमो ऐप एवं सरल ऐप के प्रभावी उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण दिया। इसके पश्चात दिनेश शर्मा ने केंद्र सरकार की योजनाओं तथा लोकेश तिवारी ने ‘भाजपा का इतिहास एवं विकास’ विषय पर विस्तार से जानकारी दी।

समापन सत्र में मुख्य वक्ता राजो मालवीय ने ‘वैचारिक अधिष्ठान’ विषय पर उद्बोधन देते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

डिजिटल माध्यम से परीक्षा बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि समापन सत्र के उपरांत सभी प्रतिभागियों की ‘सरल ऐप’ के माध्यम से 15 मिनट की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई। साथ ही, पंजीयन प्रक्रिया भी क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल रूप से पूर्ण की गई, जो संगठन के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर विधायक ठाकुरदास नागवंशी, जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, विधानसभा प्रभारी नीना नागपाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत समापन हुआ।

 

 

 

Next Post

सीहोर में जल संकट : प्यास बुझाने के लिए 150 परिवारों ने छोड़ा गांव, पलायन को मजबूर ग्रामीण

Thu Mar 19 , 2026
सीहोर। जिले के ग्रामीण अंचलों में बढ़ते जल संकट ने लोगों की जिंदगी मुश्किल बना दी है.पानी की भारी कमी के कारण चार गांवों के करीब 150 परिवार अपने घर छोड़कर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं. खामलिया, नरेला, रायपुर, नयाखेड़ा और बड़बेली गांवों में हेंडपंप और ट्यूबवेल पूरी […]

You May Like