
सीधी। केंद्र सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सीधी पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। इस अभियान के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे नशा कारोबारियों में हडक़ंप की स्थिति बनी हुई है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा जोन हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में की गई है। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव व अमन मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा यह प्रभावी कार्रवाई की गई। दिनांक 1 अप्रैल 2026 की रात्रि में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उत्कृष्ट विद्यालय के पास एक व्यक्ति नशीली सिरप की खेप खपाने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आशीष सिंह उर्फ राजन गहरवार उम्र 26 वर्ष निवासी पडऱा को मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 28 शीशी नशीली सिरप बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी के निशानदेही के आधार पर पुलिस ने तत्काल कमला कॉलेज के पीछे स्थित ठिकाने पर दबिश दी, जहां से 415 अतिरिक्त शीशी बरामद की गई। आरोपी से यह जानकारी प्राप्त करने हेतु पूछताछ की जा रही है कि वह उक्त नशीली कफ सिरप कहां से लेकर आया था। साथ ही नशीली सिरप के अवैध क्रय-विक्रय एवं नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस कार्रवाई में जप्त सामग्री में कुल नशीली कफ सिरप 443 शीशी, अनुमानित मूल्य 88,600 रुपए, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन शामिल है। आरोपी के विरुद्ध धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट, धारा 5/13 मप्र ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
सीधी पुलिस ने की आम नागरिकों से अपील –
सीधी पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि आपके आसपास नशे के अवैध कारोबार की कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी। आपकी सतर्कता और पुलिस की कार्रवाई मिलकर समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बना सकती है।
कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी होंगे पुरष्कृत –
इस सराहनीय कार्यवाही में निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय थाना प्रभारी कोतवाली, उपनिरीक्षक राजमणि वर्मा, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र सिंह, जयराम सैनी, आरक्षक बालेन्द्र सिंह एवं चालक सुभाष सिंह को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
इनका कहना है –
नशे के विरुद्ध केंद्रीय गृह मंत्री के द्वारा आगामी 3 वर्षों में देश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत नशा मुक्त भारत अभियान 1 अप्रैल को प्रारंभ किया गया है। इसी कड़ी में सीधी पुलिस द्वारा यह सख्त कार्यवाही की गई है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान निरंतर और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।
संतोष कोरी, पुलिस अधीक्षक सीधी
