नयी दिल्ली, 02 अप्रैल (वार्ता) लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने असम विधानसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को “देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” करार देते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने श्री सरमा को “देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” करार दिया और यह भी कि राज्य में नफरत और डर का माहौल बनाया जा रहा है, जबकि असम की पहचान आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता से रही है। उन्होंने महान हस्तियों की विरासत का उल्लेख करते हुए लोगों को जोड़ने और प्रेम का संदेश आगे बढ़ाने की बात कही।
श्री गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और असम सरकार ने राज्य को “एटीएम” बना दिया है। राज्य की जमीनें बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही हैं और इसके बदले राजनीतिक लाभ लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह “सरासर भ्रष्टाचार” है। गौरतलब है कि गुरुवार को श्री गांधी ने असम के सरीहजन और जोरहाट विधानसभा में जनसभाओं को संबोधित किया।

