
कटनी। शहर के हृदय स्थल कोतवाली थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। गर्ग चौराहा से हीरागंज मार्ग ओवरब्रिज के पास हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
बीच सड़क पर खूनी खेल
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब सड़क पर आम लोगों की भारी आवाजाही थी, तभी कुछ हमलावरों ने एक युवक को घेर लिया। हमलावर अपने साथ लोहे की रॉड लेकर आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपियों ने युवक को जमीन पर पटक दिया और उस पर रॉड से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
मूकदर्शक बनी रही भीड़
हैरानी की बात यह रही कि यह खूनी खेल सरेआम चलता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद दर्जनों लोग खौफ के कारण मूकदर्शक बने रहे। किसी ने भी पीड़ित को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावरों की बर्बरता साफ देखी जा सकती है।
पुलिस की गश्त पर सवाल
सूत्रों के अनुसार, घायल युवक हीरागंज का निवासी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, हमले का कारण अभी तक अज्ञात है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली और गश्त व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि व्यस्त इलाके में ऐसी घटना होना यह दर्शाता है कि अपराधियों के मन में अब पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है।
आक्रोशित नागरिकों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। नागरिकों का कहना है कि अगर भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर में कानून का राज कैसे माना जाएगा?
