
हटा/दमोह।पन्ना मार्ग पर हटा जाना क्षेत्र अंतर्गत बनगांव के समीप गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई. जिसमें एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए. घायलों को गंभीर हालत में इलाज के लिए 108 की मदद से जिला अस्पताल लाया गया है.जहां डॉक्टरों के द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है. सभी घायल छतरपुर जिले के कुटी गांव के रहने वाले हैं, जो दमोह में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे. 70 वर्षीय घायल विश्वनाथ परोहा ने बताया कि वह छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाना के कुटी गांव के वह रहने वाले हैं.दमोह में उनके परिवार में एक तेरवी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह अपने पोते 14 वर्षीय अंश परोहा, 65 वर्षीय पत्नी सोमवती के साथ कार से आ रहे थे. बनगांव और लुहारी के बीच सड़क खुदी पड़ी है. जिससे कार चालक ने बचाने का प्रयास किया कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकरा गई. जिसमें पत्नी, पोता सहित कार चालक मन प्यारे यादव भी घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने जैसे ही घटना देखी तत्काल 108 को सूचना दी और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. जानकारी लगते ही घायल विश्वनाथ के छोटे भाई हरिचरण परोहा भी जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि कार पुलिया से टकरा गई जिसमें उनके भाई-भाभी, पोता शायद ड्राइवर भी घायल हुआ है. घायलों के सिर में गंभीर चोट है, जिनका डॉक्टर यशपाल सिंह के द्वारा इलाज किया जा रहा है. हटा पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.
