नयी दिल्ली 30 अप्रैल (वार्ता) चीन में भारत के नवनियुक्त राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने कार्यभार ग्रहण करने के लिये गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर अपने पद से संबंधित परिचय पत्र प्राप्त किये। श्री दोराईस्वामी को चीन में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। चीन में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि श्री दोराईस्वामी ने राष्ट्रपति से अपना परिचय पत्र प्राप्त कर लिया है। पोस्ट में कहा गया है,” श्री विक्रम दोराईस्वामी ने चीन में राजदूत के रूप में अपने कार्यभार के लिए भारत के राष्ट्रपति से परिचय-पत्र प्राप्त किए।”
श्री दोराईस्वामी ने बाद में सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी से भी मुलाकात की और भू रणनीतिक सहित द्विपक्षीय महत्व के अनेक विषयों पर चर्चा की! सेना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस मुलाकात के बारे में जानकारी दी! सेना ने कहा ,” चीन के लिए भारत के नामित राजदूत विक्रम के. दोराईस्वामी ने सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी से मुलाकात की। इस बातचीत में वर्तमान भू-रणनीतिक मुद्दों, द्विपक्षीय संबंधों और मौजूदा तंत्र को और मजबूत करने के उपायों पर ध्यान केंद्रित किया गया।” श्री दोराईस्वामी इससे पहले ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त थे। वह उन्हें चीन से संबंधित मामलों का अच्छा खासा अनुभव है और वह 1996 से 2000 तक बीजिंग में तैनात रहे हैं।
वह प्रदीप कुमार रावत की जगह चीन में भारत के राजदूत की जिम्मेदारी संभालेंगे।

