
कराची, 30 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तान ने खैरपुर में बाबरलोई बाईपास पर 12 दिनों के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग खोल दिया गया है, जिससे लंबे समय से फंसे ट्रकों को गुजरने की अनुमति मिल गई है। इससे पहले सिंध में छह नहर परियोजना का विरोध कर रहे वकीलों ने सरकार के साथ सफल वार्ता के बाद अपना धरना समाप्त कर दिया है।
‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार बाईपास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कराची बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आमिर नवाज वरैच और सिंध हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सरफराज अली मेटलो ने कहा कि संघीय सरकार से आश्वासन मिलने और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
ऑल सिंध लॉयर्स एक्शन कमेटी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों वकीलों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न शहरों में धरना दिया और प्रस्तावित परियोजना को रोकने की मांग की। पाकिस्तान की संघीय सरकार द्वारा प्रस्तावित छह नहर परियोजना बड़े विवाद का विषय बन गई थी, क्योंकि आलोचकों ने तर्क दिया था कि इस परियोजना से प्रांत की पहले से ही दुर्लभ जल आपूर्ति और भी कम हो जाएगी।
उन्होंने तर्क दिया कि इस्लामाबाद ने किसी भी हितधारक की चिंताओं को ध्यान में नहीं रखा और मनमाने ढंग से परियोजना शुरू करने का फैसला किया। विरोध तब से शुरू हुआ जब संघीय सरकार ने चोलिस्तान रेगिस्तान की सिंचाई के लिए सिंधु नदी पर छह नहरों के निर्माण की योजना की घोषणा की – एक परियोजना जिसे इसके मुख्य सहयोगी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और अन्य सिंध राष्ट्रवादी दलों ने खारिज कर दिया है।
