इंदौर: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय डीएवीवी में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे.परीक्षा और परिणाम के दौर में आयोजित इस जनसुनवाई में अधिकांश आवेदन रिजल्ट सुधार, रिव्यू, रिवैल्यूएशन और परीक्षा संबंधी जानकारी से जुड़े रहे. बीएड फर्स्ट सेमेस्टर के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में रिव्यू के आवेदन लेकर पहुंचे. जनसुनवाई के दौरान परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी, असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. विष्णु नारायण मिश्रा और मोनाली सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए.
इस दौरान बीएड और लॉ कोर्स के कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. वहीं एक कैंसर पीड़ित छात्रा भी अपनी विशेष मांग लेकर जनसुनवाई में पहुंची. परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी के अनुसार, बीएड फर्स्ट सेमेस्टर के कई छात्र अपने परिणाम से असंतुष्ट हैं और इसे लेकर उन्होंने पहले विरोध भी जताया था. इसके बाद विश्वविद्यालय ने कुछ उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन का निर्णय लिया है. इन कॉपियों के परिणाम आने के बाद शेष कॉपियों के संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा.
कई परीक्षाएं होने वाली है शुरू
उल्लेखनीय है कि आने वाले दिनों में डीएवीवी की कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं. इन्हीं परीक्षाओं और परिणाम से जुड़ी समस्याओं व शंकाओं को लेकर छात्र लगातार जनसुनवाई में पहुंच रहे हैं.
