सलामतपुर: जहां एक ओर 42 डिग्री तापमान में लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं, वहीं महाराष्ट्र के निखिल अपनी अटूट आस्था और संकल्प के साथ साइकिल से चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर निकले हुए हैं। सोमवार शाम करीब 6 बजे रायसेन जिले के सलामतपुर पहुंचने पर उन्होंने अपनी यात्रा के बारे में जानकारी साझा की।निखिल ने बताया कि वे यह कठिन यात्रा गाय माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग को लेकर कर रहे हैं। उन्होंने अपनी यात्रा मार्च 2025 में महाराष्ट्र के शिरडी से साइकिल के माध्यम से शुरू की थी।
अब तक वे चारधाम के साथ 12 में से 9 ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर चुके हैं, जबकि शेष 3 ज्योतिर्लिंग की यात्रा अभी बाकी है, जिसे वे साइकिल से ही पूरा करेंगे। सलामतपुर पहुंचने के बाद वे यहां से उज्जैन के लिए रवाना हुए।भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद निखिल का यह साहसिक कदम लोगों के लिए प्रेरणा बन रहा है। उनकी इस अनोखी यात्रा को देखकर स्थानीय लोगों ने भी उनके जज्बे की सराहना की।
