जयपुर, 28 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जयपुर में पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक ली जिसमें संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को संगठन के माध्यम से आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्णय लिया गया हैं।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने बैठक के बाद सोमवार रात मीडिया को बताया कि बैठक में इसके साथ ही संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए नियमित बैठकों एवं प्रवास कार्यक्रमों को गति देने पर जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन विस्तार, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
डॉ चतुर्वेदी ने बताया कि मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर पर नियमित बैठकों के आयोजन, कार्यप्रणाली की समीक्षा तथा राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योजनाओं को धरातल पर लागू करने की रूपरेखा भी तैयार की गई। इसके अलावा मंत्रियों के प्रवास कार्यक्रमों के दौरान योजनाओं की समीक्षा एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
कोर कमेटी की बैठक में ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान पर भी विशेष चर्चा की गई। डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के विरोध के खिलाफ राजस्थान भाजपा की मातृशक्ति ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपना विरोध दर्ज कराया। श्री नवीन ने भाजपा राजस्थान की इस पर प्रशंसा की।
बैठक में महिला सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई गई।
डॉ चतुर्वेदी ने बताया कि श्री नवीन पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार समाप्त करने के बाद सोमवार को राजस्थान पहुंचे। जयपुर हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया। हवाई अड्डे से भाजपा मुख्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन करते हुए प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन किया।
उन्हाेंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद श्री नवीन का यह पहला राजस्थान दौरा था। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया स्वागत पार्टी की एकजुटता और सक्रियता का प्रतीक है।
