नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की स्पेन यात्रा के दौरान पारस्परिक व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग, नवाचार और जन-सामुदायिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देकर द्विपक्षीय रणनीतिक आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की गयी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री गोयल और स्पेन के नेताओं के बीच हुई बैठकों में दोनों पक्षों ने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच मजबूत राजनीतिक समझ के आधार पर द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को बढ़ाने और व्यवसायों और निवेशकों के लिए नये अवसरों का सृजन करने में इस तरह की बैठकें सहायक होंगी। श्री गोयल ने सोमवार को अपनी आधिकारिक यात्रा के स्पेन चरण का शुभारंभ किया।
इस यात्रा के दौरान उन्होंने भारत-स्पेन आर्थिक साझेदारी को गहरा करने और व्यापार, निवेश, नवाचार एवं उद्योग में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कई उच्च स्तरीय बैठकों में भाग लिया। दोनों देश पारस्परिक राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहें हैं और भारत-स्पेन द्विभाषी संस्कृति, पर्यटन एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता वर्ष 2026 का भी आयोजन कर रहे हैं। इसे देखते हुए इस यात्रा का विशेष महत्व है।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार वाणिज्य मंत्री श्री गोयल ने कल स्पेन सरकार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठकों के साथ-साथ व्यापारिक प्रमुखों तथा निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों के साथ बातचीत की और भारत-स्पेन व्यापार मंच को संबोधित किया।
वह स्पेन के प्रथम उपराष्ट्रपति और अर्थव्यवस्था, व्यापार एवं व्यवसाय मंत्री कार्लोस कुएर्पो कैबालेरो के साथ बैठक की। चर्चा का मुख्य केंद्र बाजार पहुंच में सुधार, सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण और दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक साझेदारियों का विस्तार करना था, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, उन्नत विनिर्माण, डिजिटल प्रौद्योगिकियों, अवसंरचना और नवाचार पर विशेष बल दिया गया। दोनों पक्षों ने नये निवेशों को सुगम बनाने और व्यापारिक विश्वास को मजबूत करने के लिए फास्ट ट्रैक तंत्र का पूर्ण उपयोग करने पर सहमति व्यक्त की और इस वर्ष के अंत में भारत-स्पेन आर्थिक सहयोग पर संयुक्त आयोग के अगले सत्र का आयोजन करेंगे।
श्री गोयल ने स्पेन के उद्योग और पर्यटन मंत्री महामहिम जोर्डी हेरेउ बोहर से भी भेंट की। उनके साथ बातचीत स्वच्छ ऊर्जा, गतिशीलता, उन्नत विनिर्माण और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने पर केंद्रित थी। दोनों पक्षों ने ऑटोमोटिव, रेलवे और स्मार्ट बुनियादी ढांचे में सहयोग विस्तार पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने उद्योग-से-उद्योग जुड़ाव को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
इस यात्रा का एक आकर्षण भारत-स्पेन व्यापार मंच था, जिसका आयोजन भारत के वाणिज्य
उद्याेगमंडल फिक्की, स्पेन के चैंबर ऑफ कॉमर्स, स्पैनिश कन्फेडरेशन ऑफ बिजनेस ऑर्गेनाइजेशन्स (सीईओई) और आईसीईएक्स स्पेन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। इस मंच में दोनों देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योगपति और व्यापारिक प्रतिनिधि आर्थिक सहयोग के नये रास्ते तलाशने के लिए एक साथ उपस्थित रहें। श्री गोयल ने स्पेन की व्यापार एवं निवेश प्रोत्साहन एजेंसी, आईसीईएक्स एस्पाना एक्सपोर्टेशियन और इनवर्जन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय निवेश प्रवाह को मजबूत करने, व्यावसायिक संबंधों को सुगम बनाने और भारत के विकास में स्पेनिश उद्यमों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उपायों पर चर्चा की। चर्चा का मुख्य विषय निवेश साझेदारी बढ़ाने, प्रौद्योगिकी सहयोग और दोनों देशों के व्यवसायों को समर्थन देने पर केंद्रित था।

