जबलपुर: शहर की यातायात व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। नो एंट्री लागू होने के बावजूद भारी वाहनों का शहर में खुलेआम प्रवेश जारी है, जिससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बन रही है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उक्त आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस ने शहर अध्यक्ष सतेन्द्र (सोनू) कुकरेले और पूर्व प्रदेश सचिव राजा रैकवार के नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
शहर अध्यक्ष सतेन्द्र (सोनू) कुकरेले और पूर्व प्रदेश सचिव राजा रैकवार ने बताया कि शहर के कछपुरा, माल गोदाम, दीनदयाल चौक, बरेला मार्ग सहित सीमावर्ती इलाकों से रोजाना भारी वाहन बेधड़क शहर में दाखिल हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है। उनका आरोप है कि सीमावर्ती इलाकों में तैनात कुछ पुलिसकर्मी कार्रवाई करने के बजाय केवल वसूली में लगे हुए हैं।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि नो एंट्री क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए, सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, कपिल भोजक, अभ्युत बाजपेयी, नितिन सिंह, सौरभ यादव, समीर गढ़वाल, शिशांत सिंह ठाकुर, चिंटू ठाकुर, गोल्डी ठाकुर, प्रहलाद गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।
