
जबलपुर। शहर में सोमवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह धूप खिलने के बाद मौसम ने यू-टर्न लिया। दिन में आसमान में बादलों का डेरा जमा रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से काफी राहत मिली। हालांकि दोपहर के समय बादलों की ओट से सूरज की हल्की किरणें झांकती नजर आईं, लेकिन धूप में वह तल्खी नहीं थी जो बीते दिनों से बनी हुई थी। बादलों और सूरज के बीच चले इस लुका-छिपी के खेल ने मौसम को सुहावना बनाए रखा। शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में काले-घने बादलों ने अपना कब्जा जमा लिया था। सुहाना मौसम देखते ही देखते धूल भरी आंधी में तब्दील हो गया। तेज रफ्तार हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। बूंदाबांदी भी हुई। अचानक आई इस आंधी के कारण सडक़ों पर वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कई हिस्सों में तेज हवाओं के कारण पेड़ों की टहनियां भी गिरी।
42 डिग्री पार रहा पारा
सोमवार को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 37 और शाम को 24 पतिशत दर्ज की गई ।
गर्जन के साथ बारिश के आसार
मौसम विीााग की माने तो सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से गरज-चमक के साथ बारिश, आधी चलने के आसार है। मौसम विभाग की माने तो पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्र पर ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी तक बना हुआ है। उत्तर हरियाणा एवं आसपास के क्षेत्र पर स्थित ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी तक विस्तृत है। पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल 12.6 किमी पर 111-139 किमी, घंटा की गति की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम प्रवाहित हो रही है।
