
भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने देवी अहिल्याबाई हॉल में मीडिया कर्मियों और प्रमुख स्टेकहोल्डर्स के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित कर अपनी उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक पी.के. उपाध्याय ने टी.यू. सिंह (महाप्रबंधक, मानव संसाधन), आर.के. अग्रवाल (महाप्रबंधक, एसओएम) और उपेंद्र कुमार सिंह (अपर महाप्रबंधक, जनसंपर्क) के साथ उपस्थितजनों को संबोधित किया। उपाध्याय ने वित्त वर्ष 2025–26 में यूनिट के प्रदर्शन पर सभी स्टेकहोल्डर्स को बधाई देते हुए सतत प्रगति के लिए एस.एम. रामनाथन के नेतृत्व को श्रेय दिया।
उन्होंने बताया कि बीएचईएल ने वित्त वर्ष के दौरान 33,782 करोड़ रुपये का राजस्व और 2,116 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ अर्जित किया, जो प्रतिस्पर्धी माहौल में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने के. सदाशिव मूर्ति के नेतृत्व, वरिष्ठ प्रबंधन और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
भोपाल यूनिट के प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए उपाध्याय ने कहा कि यूनिट ने 4,647 करोड़ रुपये का टर्नओवर और 581 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ हासिल किया। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026–27 के लिए निर्धारित 4,716 करोड़ रुपये का लक्ष्य भी हासिल कर लिया जाएगा। इसके लिए कार्यकुशलता, री-वर्क से बचाव, प्रति कर्मचारी मूल्यवर्धन और अधिक नकद संग्रह पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने बीएचईएल की सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता और संगठन की प्रगति में मीडिया सहित सभी स्टेकहोल्डर्स की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।
टी.यू. सिंह ने स्टेकहोल्डर्स का आभार व्यक्त करते हुए उनके हितों की रक्षा के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, आर.के. अग्रवाल ने संचालन प्रदर्शन का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए आगामी वित्त वर्ष की रणनीतिक योजनाओं की जानकारी दी।
