नरसिंहपुर में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत, गाडरवारा में आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद एक मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गाडरवारा थाना क्षेत्र में कांच मंदिर के पास रविवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कामती गांव निवासी ओमप्रकाश कौरव और भूरा यादव के रूप में हुई है।

घटना के विरोध में सोमवार को परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में स्टेट हाईवे-22 पर पहुंच गए और न्याय की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया।

इसी प्रकार गोटेगांव थाना क्षेत्र के पटेल वार्ड में रेलवे बोगदा पुल के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे 54 वर्षीय विनीत विश्वकर्मा को टक्कर मार दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कार सवार मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन जब्त कर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Next Post

बंगलादेश ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराया

Mon Apr 27 , 2026
चटगांव, 27 अप्रैल (वार्ता) मो. तौहीद हृदोय (नाबाद 51) और शमीम हुसैन (नाबाद 31) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत बंगलादेश ने सोमवार को पहले टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 12 गेंदें शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ बंगलादेश ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से […]

You May Like