
दतिया। दुरसड़ा थाना अंतर्गत मलखानपुर गांव में 27 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भांडेर अस्पताल भेजा है। मलखानपुर निवासी रूबी कुशवाहा (27) पत्नी वासुदेव कुशवाहा ने घर के भीतर रस्सी के फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे जबकि पति खेत पर काम करने गया था। घर लौटने पर महिला को फंदे पर लटका देख परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं सूचना मिलने पर महिला का मायका पक्ष भी गांव पहुंचा। मायके पक्ष के राकेश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि पति शराब पीने और जुआ खेलने का आदी था तथा विवाहिता को प्रताड़ित करता था। उनका कहना है कि लगातार मानसिक दबाव के चलते महिला ने यह कदम उठाया।
रूबी के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
