लखनऊ, 2 मई (वार्ता) देश में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एकमुश्त 993 रुपये की बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने इस बढ़ोतरी को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इसका सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ेगा और महंगाई और बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की भारी किल्लत के बीच कीमतों में अचानक वृद्धि की खबरें सभी मीडिया माध्यमों में प्रमुखता से सामने आई हैं, जिससे लोगों में बेचैनी बढ़ी है। उनका मानना है कि इससे रसोई गैस के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
मायावती ने इस स्थिति के कारणों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चाहे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां जिम्मेदार हों या अन्य कारण, सरकार को आम जनता के हित को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जैसे चुनावों के दौरान पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को नियंत्रित रखा गया, वैसे ही वर्तमान में भी जनहित और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि नई दरों के अनुसार कमर्शियल सिलेंडर की कीमत तीन हजार रुपये से अधिक हो जाएगी, जो पहले से ही महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग के लिए अतिरिक्त बोझ साबित होगी। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह कीमतों के प्रभाव का आकलन कर संतुलित निर्णय ले, ताकि आम जनता पर आर्थिक दबाव कम किया जा सके।
