नयी दिल्ली 30 मई (वार्ता) नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने सेवा निवृत होने से पहले शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें नौसेना की तैयारियों तथा हिन्द महासागर की स्थिति के बारे में जानकारी दी।
नौसेना के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी के साथ एडमिरल त्रिपाठी की मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा,” एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने 29 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाक़ात की। नौसेना प्रमुख ने 31 मई को नौसेना की कमान सौंपने से पहले प्रधानमंत्री को नौसेना की संचालन तैयारियों और हिंद महासागर क्षेत्र में समग्र सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी। इसमें समुद्री क्षेत्र में उभरती चुनौतियों और तेज़ी से बदलती तकनीक के प्रभाव भी शामिल थे।”
प्रवक्ता ने कहा कि नौसेना युद्ध के लिए तैयार,विश्वसनीय, एकजुट, भविष्य के लिए तैयार और आत्मनिर्भर शक्ति के रूप में कभी भी, कहीं भी, किसी भी तरह से राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
एडमिरल त्रिपाठी ने 30 अप्रैल 2024 को नौसेना के 26 वें प्रमुख का कार्यभार संभाला था।
उल्लेखनीय है कि एडमिरल त्रिपाठी रविवार को सेवानिवृत हो रहे हैं और उनकी जगह वाइस एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन को नया नौसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है।
