सिवनी: जिले के कुरई थाना क्षेत्र स्थित मेटेवानी आरटीओ चेकपोस्ट पर मंगलवार रात एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। विरोध में 100 से अधिक ट्रक चालक मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने प्रदर्शन करते हुए आरटीओ के वाहन में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे-44 पर यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, मेटेवानी चेकपोस्ट पर वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान चेकिंग कर्मियों और एक ट्रक चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चालक के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अन्य ट्रक चालक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आक्रोशित चालकों ने चेकपोस्ट पर खड़े आरटीओ के एक वाहन को पलट दिया और उसमें तोड़फोड़ की। वहीं पास में बनी एक कच्ची झोपड़ी में भी आग लगा दी गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस पूरे घटनाक्रम के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें चालक विरोध जताते दिखाई दे रहे हैं।
स्थिति बिगड़ती देख आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी वहां से हटकर सुरक्षित स्थान पर चले गए। इसी बीच कुरई पुलिस, जो बादलपार क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर रही थी, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने संबंधित चालक से शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा, लेकिन बताया जा रहा है कि चालक थाने जाने के बजाय महाराष्ट्र की ओर रवाना हो गया।
हंगामे के चलते नेशनल हाईवे-44 पर करीब 15 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई और आवागमन बहाल कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही आरटीओ, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आरटीओ अधिकारी देवेश बाथम ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम ने कहा कि पीड़ित चालक की तलाश की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
