मुरैना: जौरा रोड बैरियर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस एमपी06पी-1655 ने सड़क पार कर रही 40 वर्षीय महिला को कुचल दिया। महिला बस के टायर में फंस गई और चालक ने बस रोकने के बजाय उसे करीब 30 फीट तक घसीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया। सिविल लाइन पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
आज सोमवार सुबह सवा 10 बजे जौरा से मुरैना की ओर आ रही यात्री बस के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए राहगीर को टक्कर मारी। मृतका की पहचान बरी पुरा निवासी कमला बघेल पति उत्तम बघेल के रूप में हुई है।टक्कर के बाद कमला बस के नीचे फंस गई, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और बस के नीचे फंसे शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने मृतका के परिजन को घटना की सूचना दे दी है।
