छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक, अगले पांच दिनों तक अंधड़ और बारिश के आसार

रायपुर, 22 जून (वार्ता) दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सोमवार को दस्तक दी और आगामी दिनों में इसके राज्य के अन्य हिस्सों तक पहुंचने का अनुमान है। मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और वर्षा की चेतावनी जारी की है।

आज दोपहर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी रायपुर, रायगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। रायपुर के सुंदरनगर क्षेत्र में महादेवघाट रोड पर जलभराव की स्थिति बनने से आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की भी अनुमान है। विभाग ने बताया कि मानसून के रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों सहित राज्य के अन्य भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

विभाग के मुताबिक मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। इसके कारण कुछ इलाकों में लू जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं।

राज्य में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

 

Next Post

ग्रामीण मजदूरी के आंकड़ों में सरकार कर रही है हेराफेरी : कांग्रेस

Mon Jun 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 जून (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि मोदी सरकार ग्रामीण मजदूरी के आंकड़ों में हेराफेरी से कृत्रिम वृद्धि का भ्रम पैदा कर रही है, जबकि वास्तविक मजदूरी वृद्धि पिछले चार वर्षों में सबसे कमजोर स्तर पर है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने सोमवार को […]

You May Like