
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने दो साल से फरार चल रहे एनडीपीएस एक्ट के शातिर आरोपी को शुक्रवार को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन टीम ने पीछा कर दबोच लिया.
7 नवंबर 2024 को भंडारी ब्रिज के पास एमआर-4 रोड पर कार्रवाई के दौरान शादाब खान को 105.16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा था. जांच में उसके साथी के रूप में इमरान पिता शमशेर साकरिया, निवासी प्रतापगढ़ का नाम सामने आया था, जो तभी से फरार चल रहा था. डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि इमरान साकरिया पटेल प्रतिमा चौराहे के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा है और भागने की तैयारी में है. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच टीम ने पटेल प्रतिमा से मधुमिलन की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तीन और मारपीट का एक मामला दर्ज है.
