गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में पानी की किल्लत भी हो रही विकराल

इंदौर: बढ़ती गर्मी के साथ ही शहर भर में पानी की किल्लत बढ़ती जा रही है. कई क्षेत्रों में लोग भारी जलसंकट का सामना कर रहे हैं. हालांकि, अधिकांश क्षेत्रों में नर्मदा लाइन है, इसके बावजूद पानी की सप्लाई नहीं हो रही. परिणामस्वरूप लोगों को या तो निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है या दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है. दरअसल, बढ़ती गर्मी अब सिर्फ तापमान तक सीमित नहीं रही, ये अब जल संकट में बदल रही है. शहर के प्रमुख जलस्रोतों का स्तर लगातार गिर रहा है, बोरिंग सूख रहे हैं और नर्मदा जल पर निर्भरता बढ़ती जा रही है, लेकिन नर्मदा का जल भी नाकाफी साबित हो रहा है.

शहर के अन्य क्षेत्रों की तरह बम्बई बाजार क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 68 स्थित टाटपट्टी बाखल के रहवासी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं. यहां नर्मदा लाइन होने के बाद भी कई गलियों में पानी की किल्लत बनी हुई है. पाइप लाइन चोक होने से घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे रहवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. नियमित सप्लाई प्रभावित होने के कारण क्षेत्र के लोग बोरिंग के पानी पर निर्भर हैं. सरकारी बोरिंग से भी पूरे मोहल्ले की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही.

ऐसे में लोगों को रोजमर्रा के उपयोग के लिए आसपास के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है. स्थिति तब और गंभीर हो जाती है, जब क्षेत्र की बोरिंग खराब हो जाती है. ऐसे समय में लोगों के सामने पेयजल का भारी संकट खड़ा हो जाता है और घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता. क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन अब तक न लाइन की जांच हुई और न ही सुधार कार्य शुरू किया गया. रहवासियों ने चोक लाइन दुरुस्त कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है.

यह बोले रहवासी…

नर्मदा लाइन से कई वर्षों से हमें पानी नहीं मिला है, क्षेत्र की कई गलियों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है. लोगों को इधर-उधर और दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है.
– मोहम्मद फैजान

गर्मी के कारण सरकारी बोरिंग में पानी कम हो जाता है, ऐसे में जब मोटर जल जाती है तो लोगों की मुसीबत बहुत ज्यादा बढ़ जाती है. नर्मदा लाइन का जल्दी सुधार करना चाहिए.
– रज्जू खान

पानी की लाइन चौक होने की कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक सुनवाई नहीं हुई है. शिकायत पर अमल करते हुए लाइन टेस्टिंग कर पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से करना चाहिए.
– मोहम्मद अमीन

Next Post

राज्यसभा सभापति की मंजूरी के बाद आम आदमी पार्टी के सात बागी सांसदों का भाजपा में विलय आधिकारिक, उच्च सदन में अब केजरीवाल की पार्टी के पास बचे मात्र तीन सांसद

Mon Apr 27 , 2026
नई दिल्ली | देश की राजनीति में आज एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने आम आदमी पार्टी (AAP) के सात बागी सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में विलय को आधिकारिक मंजूरी दे दी। इस महत्वपूर्ण फैसले के बाद उच्च सदन में अरविंद […]

You May Like