
गुना। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में से एक हाट रोड पर सोमवार को प्रशासन ने सख्ती कर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान लंबे समय से अव्यवस्थित ठेले-गुमटी और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई की। एसडीएम शिवानी पांडे के नेतृत्व और तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा के मार्गदर्शन में नगर पालिका व मंडी प्रशासन के संयुक्त अमले ने हाट रोड पर फैले अतिक्रमण को हटाया और सडक़ किनारे लगे ठेलों को व्यवस्थित रूप से पुरानी गल्ला मंडी में स्थानांतरित किया। इस कार्यवाही की शुरुआत हनुमान चौराहे से लेकर हाट रोड रपटा तक के हिस्से में हुई, जहां सडक़ पर लगाए गए फल-सब्जी और अन्य वस्तुओं के ठेले व्यवधान बनते आ रहे थे। इन ठेलों को हटाकर अब उन्हें मंडी क्षेत्र में सुव्यवस्थित रूप से शिफ्ट कर दिया गया है। इसी के साथ नगर पालिका अमले ने दुकानों के सामने किए गए पक्के निर्माण को भी तोड़ा, जो वर्षों से पैदल चलने वालों के लिए बाधा बने हुए थे। दुकानदारों द्वारा नालियों के ऊपर डाले गए भारी पत्थर भी हटाए गए ताकि बारिश में जल निकासी बाधित न हो और शहर को जलभराव की समस्या से बचाया जा सके।
प्रशासन द्वारा बीते तीन दिनों से शहर की पुरानी गल्ला मंडी को फिर से व्यवस्थित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में दुकानों की लाइनिंग कर उनके नंबर अंकित किए गए हैं और व्यवस्थित ढंग से उनका आवंटन किया जा रहा है। इस दिशा में हाट रोड पर ठेले हटाकर उन्हें मंडी में भेजना एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण से समेटा गया सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से नगर पालिका कार्यालय ले जाया गया। प्रशासन का यह प्रयास न केवल सडक़ यातायात को सुगम बनाने की दिशा में है, बल्कि बाजार व्यवस्था को भी संतुलित और सुरक्षित बनाने की कोशिश है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की कार्यवाही नियमित रूप से की जाएगी ताकि शहर की सडक़ों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके और व्यापारिक गतिविधियां एक निश्चित व्यवस्था के तहत संचालित हों। इस दौरान जब हाट रोड से फल ठेला विक्रेताओं को खदेड़ा गया तो वह गढ़ा बैंक के पीछे सहित अन्य गलियों में चले गए।यहां से भी प्रशासन ने उन्हें खदेड़ा। हालांकि दोपहर बाद एक बार फिर ठेला वालों ने हाट रोड पर ही ठेले लगाने के प्रयास किए।
