भोपाल: महिला आरक्षण को लेकर प्रदेश में सियासी बयानबाजी लगातार बढ़ रही है। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डॉ हितेश बाजपेई ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में सर्वसम्मति से पारित हुआ, जिसे भाजपा ने अपनी प्राथमिकता बनाया।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सदन में समर्थन तो करती है, लेकिन व्यवहार में बाधाएं उत्पन्न कर रही है। बाजपेई ने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए जनगणना और परिसीमन जरूरी हैं, ताकि सभी राज्यों और वर्गों के हित सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान को महिलाओं के साथ धोखा करार दिया।
भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी 2028 के विधानसभा चुनाव में 230 सीटों पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के लिए पूरी तरह संकल्पित है और संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करेगी। साथ ही उन्होंने लाड़ली बहना योजना और लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण में भाजपा सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया।
कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए बाजपेई ने कहा कि 1989 में प्रस्ताव लाने के बावजूद कांग्रेस इसे लागू नहीं कर सकी, जबकि अब भाजपा इसे लागू करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से जनगणना और परिसीमन का समर्थन करने की अपील करते हुए राजनीतिक बयानबाजी से बचने की सलाह दी।
