इंदौर: पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी के कारण शहर में आमजन हलाकान हो गया है. आज पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया, लेकिन शाम को शहर के बाहरी इलाकों में हल्की बारिश होने से थोड़ी राहत भी मिली है.पिछले एक हफ्ते से सूरज के तेवर बहुत तीखे हो गए हैं. तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है. आज शहर में तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया. इस साल का अभी तक का सबसे गर्म दिन माना गया है.
पिछले दो दिनों से शहर में गर्म हवाओं का जोर है और दोपहर 12 से 4 बीच लू का अहसास होने लगा है. सड़कों पर आवाजाही भी कम नजर आने लगी है. आज शाम 5.30 बजे मौसम केंद्र के अनुसार 37 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. इसकी वजह यह है कि शहर के बाहरी इलाकों में हल्की बारिश हुई है. शनिवार शाम को शर का तापमान 40 .5 डिग्री दर्ज किया गया था. मौसम विभाग के पूर्वानुमान से आगामी दो तीन दिन में गर्मी कम हो सकती है, लेकिन 1 या 2 डिग्री तापमान गिर सकता है. बताया जा रहा है कि आगामी एक हफ्ते बाद गर्मी फिर भभक सकती है और शहर का तापमान 45 डिग्री को छूने की संभावना है.
