इंदौर: शहर में अब फाइनेंस कंपनी के नाम पर लूटपाट करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं. हीरानगर थाना क्षेत्र में तीन बदमाशों ने एक युवक को रोककर खुद को रिकवरी एजेंट बताया और धमकाकर उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए.फरियादी शकील शाह निवासी राजीव नगर, खजराना अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहा था. एमआर 10 रोड स्थित बापट चौराहा मेट्रो स्टेशन के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे घेरकर रोक लिया.
बदमाशों ने पहले गाली गलौज की और फिर खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि बाइक की किस्त बाकी है, इसलिए वाहन जब्त किया जा रहा है. विरोध करने पर आरोपियों ने शकील को धमकाया और धक्का मुक्की करते हुए जबरन बाइक की चाबी छीन ली. पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और उसकी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए. मामले में हीरानगर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
