गाजीपुर में दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में मोदी योगी जवाब दें : राहुल-प्रियंका

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या और हत्यारों के दबाव में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी जवाब मांगा है।

श्री गांधी तथा श्रीमती वाड्रा ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बताया और कहा कि जब तक पीड़िता बेटी जिंदा थी तब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई और प्राथमिकी कराने के लिए आए परिवार के लोगों को धमकियां दी गई। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

श्री गांधी ने कहा, “उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या – और फिर परिवार को एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियाँ, हिंसा। हाथरस, कठुआ, उन्नाव और आज ग़ाज़ीपुर – यह एक पैटर्न है। मणिपुर की बेटी ने न्याय की राह देखते-देखते दम तोड़ दिया। हर बार वही चेहरा – पीड़िता दलित, पिछड़ी, आदिवासी, ग़रीब। हर बार वही सच्चाई – अपराधी को संरक्षण, पीड़ित को प्रताड़ना।”

उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि इस पर कोई कुछ नहीं बोलता है। उनका कहना था कि हर बार वही चुप्पी-सत्ता की, जिन्हें बोलना चाहिए था। जिस देश और प्रदेश में माँ-बाप को अपनी बेटी की प्राथमिकी लिखवाने के लिए भीख माँगनी पड़े, उस देश की सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं।

श्री गांधी प्राथमिक दर्ज करने से आनाकानी करने वाली पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री से जवाब मांगा और कहा “दोषी पुलिस अफ़सरों पर कार्रवाई हो, परिवार को सुरक्षा मिले – उच्च स्तरीय जांच हो और तुरंत न्याय मिले। मोदी जी, मुख्यमंत्री जी जवाब दीजिए – आपके राज में बेटियाँ इतनी असुरक्षित क्यों हैं। ऐसे हालात में न्याय माँगा नहीं, छीना जाता है और हम छीनकर लाएँगे।”

श्रीमती वाड्रा ने लिखा, “उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक लड़की की हत्या के मामले में पहले केस दर्ज होने में आनाकानी, फिर पीड़ित परिवार को धमकियां मिलना और दबंगों द्वारा अराजकता फैलाना यह दिखाता कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार चरम पर है।”

उन्होंने कहा, “भाजपा राज में अब यही अघोषित कानून बन गया है कि जब भी किसी महिला पर अत्याचार होता है तो पीड़ित को ही और प्रताड़ित किया जाता है।”

प्रधानमंत्री मोदी पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “महिलाओं को लेकर प्रधानमंत्री जी की बड़ी-बड़ी बातें सिर्फ दिखावा हैं। उन्नाव हो, हाथरस हो, प्रयागराज हो या गाजीपुर, जहां भी महिलाओं के साथ अन्याय हुआ, भाजपा अपनी पूरी सत्ता के साथ पीड़िता के खिलाफ, अत्याचारी के साथ खड़ी हो गई। देश भर की महिलाएं ये अंधेरगर्दी देख रही हैं।”

 

 

 

Next Post

कीमोथेरेपी की बजाय टैबलेट के जरिए उपचार की पहल उत्साहजनक: राधाकृष्णन

Sat Apr 25 , 2026
जयपुर, 25 अप्रैल (वार्ता) उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने कैंसर से लड़ने और विजय प्राप्त करने के लिए मनोबल का मजबूत रहना जरूरी बताया है और कहा है कि कैंसर के उपचार में कीमोथेरेपी जैसी कठिन उपचार विधि के स्थान पर नवीनतम चिकित्सा अनुसंधानों में टैबलेट के जरिए उपचार […]

You May Like