खुलासाः शराब के विवाद में सिर कुचलकर की थी हत्या

इंदौर:लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्कीम नंबर 136 स्थित हरसिंगार परिसर के पास मिले अज्ञात शव (अंधे कत्ल) मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया. पुलिस के अनुसार शराब के विवाद के बाद आरोपी ने उसे घर छोड़ने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान जगह ले गया और मारपीट की तथा सिर पर पत्थर से कई बार कर हत्या कर दी थी. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

मामला 17 अप्रैल की सुबह सामने आया था, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति ने गार्डन के पास एक व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. बाद में मृतक की पहचान कड़वा उर्फ कड़वा जी दांगोड़े उम्र 51 साल निवासी लहिया कॉलोनी के रूप में हुई थी. जांच में पता चला कि मृतक एमआर-10 क्षेत्र में मजदूरी करता था और घटना वाली रात उसे शराब दुकान के पास देखा गया था. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाता नजर आया.

पुलिस को देख भागने के प्रयास में बाइक स्लिप हो गई आरोपी की हुलिए के आधार पर पुलिस ने 25 वर्षीय संदिग्ध प्रमोद वैद्य निवासी लहिया कॉलोनी को चिन्हित किया. तलाश के दौरान आरोपी निरंजनपुर मंडी की ओर जाता मिला, जिसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलने से गिर गया और पकड़ में आ गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसी का बदला लेने के लिए उसने मृतक को घर छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाया और हरसिंगार परिसर के पास सुनसान गार्डन में ले जाकर पहले मारपीट की, फिर पत्थर ब्लॉक से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है. मामले में आगे की पूछताछ के लिए आरोपी का रिमांड लिया जाएगा.

Next Post

शाम होते ही मयखाना बन जाता, बंद पड़ा कवेलू कारखाना

Sat Apr 25 , 2026
उज्जैन: नीलगंगा क्षेत्र में कवेलू कारखाना चलता था, जो बंद हो चुका है. इस परिसर में करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन आज भी वीरान पड़ी है.16 फरवरी 2021 को नगर निगम और जिला प्रशासन ने यहां बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए करीब 7.19 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त […]

You May Like