
उज्जैन। महाकाल मंदिर में शुक्रवार को दो बड़ी हस्तियों ने दर्शन लाभ लिए। मंदिर समिति के अधिकारियों ने बताया कि पहले टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल के मैनेजिंग डायरेक्टर गिरीश वाघ महाकाल मंदिर पहुंचे और गर्भगृह के बाहर से खड़े होकर दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। पुजारी राजेश शर्मा ने उनका पूजन संपन्न कराया। मंदिर समिति श्री वाघ का स्वागत किया।इसके बाद भारत सरकार के अल्पसंख्यक मामले मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा भी महाकाल मंदिर पहुंचे और सुबह की भोग आरती में शामिल हुए।
त्रिवेदी को सम्मान-ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी रमण त्रिवेदी को लगातार 60 वर्षों तक भस्मारती में शामिल होने के लिए अंतर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिया जा रहा है। पुजारी पं. समाहित त्रिवेदी ने बताया वल्र्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स द्वारा नेपाल में उन्हें यह विशेष सम्मान दिया जाएगा। पुजारी त्रिवेदी को यह सम्मान उनके द्वारा संपूर्ण जीवन भगवान महाकाल जी की सेवा को समर्पित करने के लिए देंगे। इस रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट पं. त्रिवेदी भगवान श्री पशुपतिनाथ जी को नेपाल और महाकाल जी को उज्जैन में समर्पित करेंगे। पुजारी त्रिवेदी न केवल 60 वर्षों तक नित्य भस्मारती में शामिल हुए बल्कि शयन आरती भी की। इतना ही नहीं उन्होंने मंदिर के शिखर पर सोना चढ़ाने की योजना को भी अपने प्रयास से आरंभ कराया। नेपाल में काठमांडू सरकार के सहयोग से वल्र्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड के सम्मान का आयोजन होगा। जिसमें भाग लेने हेतु पं. त्रिवेदी धर्मपत्नी निर्मला देवी और परिवार के साथ 29 अप्रैल को उज्जैन से नेपाल रवाना होंगे।
