मुंबई | दुनियाभर में अपने गानों और स्टाइल से राज करने वाली ग्लोबल पॉप स्टार रिहाना एक बार फिर भारत पहुंच गई हैं। गुरुवार शाम उन्हें मुंबई के कलिना एयरपोर्ट पर बेहद साधारण लेकिन स्टाइलिश लुक में स्पॉट किया गया। रिहाना ने ब्लैक हुडी, मैचिंग पैंट और सनग्लासेस पहने हुए थे। एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा के बीच उन्होंने पैपराजी को मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर अभिवादन किया और फिर अपनी कार से रवाना हो गईं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो आते ही वायरल हो गए हैं और फैंस उनके इस कूल और कैजुअल अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
रिहाना के भारत पहुंचते ही नेटिजन्स ने मजे लेना शुरू कर दिया है। साल 2024 में अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के प्री-वेडिंग फंक्शन में उनकी परफॉर्मेंस ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं, जिसके बाद अब लोग मजाकिया अंदाज में पूछ रहे हैं, “इस बार किसकी शादी है?” फैंस के बीच इस बात को लेकर जबरदस्त उत्सुकता है कि क्या रिहाना किसी बड़े प्राइवेट इवेंट में परफॉर्म करने आई हैं या फिर कोई और बड़ा धमाका होने वाला है। उनके अचानक आने की खबर ने इंटरनेट पर मीम्स और कयासों की बाढ़ ला दी है।
हालांकि रिहाना की इस विजिट का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वे अपने कॉस्मेटिक ब्रांड के किसी बड़े प्रमोशनल इवेंट के सिलसिले में मुंबई आई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि वे किसी एक्सक्लूसिव पॉप-अप लॉन्च या ब्यूटी ब्रांड के विज्ञापन की शूटिंग में शामिल हो सकती हैं। फिलहाल रिहाना की इस सरप्राइज विजिट ने मुंबई के ग्लैमर जगत में हलचल मचा दी है। अब देखना यह होगा कि वे केवल ब्रांड प्रमोशन तक सीमित रहती हैं या फिर फैंस को किसी नई परफॉर्मेंस का तोहफा देती हैं।

