
जबलपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति के जबलपुर आगमन को लेकर शीर्ष सुरक्षा एजेंसियों के साथ पुलिस, प्रशासन हाईअलर्ट मोड में आ गया है। 16,00 का फोर्स बाहरी जिलों से बुलाया गया। जबकि 3,000 से अधिक बल जिले से सुरक्षा का जिम्मा संभालेगा। लगभग 4,600 से अधिक का फोर्स तैनात होगा। जबकि सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। खुफिया इनपुट और वीवीआईपी प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा चक्र का खाका तैयार कर लिया गया है।
केन्द्रीय सुरक्षा बल, कमांडो, विशेष विंग जवान भी होगे तैनात-
जानकारी के अनुसार महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 20 जून को शाम 6.10 बजे कलाईकुंडा एयरपोर्ट पश्चिम बंगाल से भारतीय वायु सेना के विमान से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां रात्रि विश्राम करेंगी। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सुबह 7.20 बजे गैरीसन ग्राउंड में आयोजित सामूहिक योग के कार्यक्रम में शामिल होंगी। सुबह 11.40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद दोपहर 12.50 बजे जबलपुर एयरपोर्ट रवाना होंगी। एयरपोर्ट से दोपहर 1.20 बजे भारतीय वायु सेना के विमान द्वारा ग्वालियर प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रीपति के दौरान के बीच केंद्रीय सुरक्षा बलों और विशेष कमांडो महामहिम के सबसे करीब तैनात रहेंगे। इसके साथ ही आतंकवाद निरोधी दस्ते और विशेष विंग के जवानों का होगा। सादे कपड़ों में भी जवानों की तैनाती होगी। जवान भीड़भाड़ वाले इलाकों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखेगे।
रवानगी के साथ आमद शुरू
सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए आसपास के जिलों से भी बल बुलाया गया है। जिन जिलों से बल को जबलपुर बुलाया गया है उसमेंं भोपाल, रीवा, छिंदवाड़ा, सिंगरौली, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, नरसिंहपुर शामिल है। बुधवार से इन जिलों में पदस्थ फोर्स की रवानगी शुरू हो गई। इसके साथ ही देर रात तक जबलपुर में इनकी आमद दर्ज की जाने लगी थी।
थल से लेकर नभ तक होगी निगरानी-
थल से लेकर नभ तक पैनी निगरानी होगी। राष्ट्रपति के काफिले के रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास की सभी ऊंची इमारतों की छतों पर आधुनिक हथियारों से लैस टीमों की पैनी नजर होगी। ड्रोन से भी नजर रखी जायेगी। इसके अलावा शहर के सभी प्रवेश द्वारों, होटलों, लॉज और धर्मशालाओं में राष्ट्रपति के आगमन के पहले सघन तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
पंद्रह किलोमीटर की परिधि नो फ्लाइंग जोन घोषित
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आदेश जारी कर डुमना विमानतल, गेरिसन ग्राउंड, सर्किट हाउस क्रमांक-एक, एमईएस रेस्ट हाउस, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तथा डुमना विमानतल से गेरीसन ग्राउंड तक के आवागमन मार्ग की 15 किलोमीटर की परिधि को नो फ्लाइंग जोन एवं रेड जोन घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी यह आदेश 20 जून की सुबह 10 बजे से 21 जून की रात 10 बजे लागू रहेगा। इस अवधि के दौरान इन चिन्हित क्षेत्रों के पंद्रह किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून या किसी भी प्रकार की फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स का संचालन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध वायुयान अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा मिनिस्टर-इन-वेटिंग नामित
राज्य शासन ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 20 और 21 जून के प्रस्तावित जबलपुर प्रवास के दौरान उनकी अगवानी और विदाई के लिये उप मुख्यमंत्री एवं जबलपुर जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा को मिनिस्टर-इन-वेटिंग नामित किया है।
