विपक्ष की सोच महिला विरोधी: ललिता यादव

छतरपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर एक विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व मंत्री व विधायक ललिता यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान गौतम ने मीडिया से रूबरू होते हुए महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष के रवैये की कड़े शब्दों में आलोचना की।

विधायक ललिता यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा में हाल ही में हुआ घटनाक्रम देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन ने 131वें संविधान संशोधन विधेयक की राह में रोड़े अटकाकर अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। श्रीमती यादव ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें राजनीति की मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक अवसर था, जिसे राजनीतिक स्वार्थ की भेंट चढ़ा दिया गया।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विशेषकर राहुल गांधी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि वे महिला सशक्तिकरण को केवल चुनावी नारा समझते हैं। विधायक ने कहा कि जब भी महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने की बात आती है, तब कांग्रेस और उसके सहयोगी दल पीछे हट जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिलाओं के राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

चलाया जाएगा जनजागरूकता अभियान

प्रेस वार्ता के अंत में जिला अध्यक्ष चंद्रभान गौतम ने बताया कि पार्टी इस विषय को लेकर अब चुप नहीं बैठेगी। आने वाले दिनों में जिले भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से जनता को यह बताया जाएगा कि किस तरह विपक्ष ने महिलाओं के हक को छीनने का प्रयास किया है।

इस अवसर पर भाजपा के अन्य जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Next Post

10वीं-12वीं द्वितीय परीक्षा 2026 के लिए आवेदन तिथि बढ़ी

Fri Apr 24 , 2026
इंदौर: माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश ने विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 10वीं और 12वीं की द्वितीय परीक्षा वर्ष 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. पहले यह तिथि 22 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 26 अप्रैल 2026 […]

You May Like