इंदौर: माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश ने विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 10वीं और 12वीं की द्वितीय परीक्षा वर्ष 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. पहले यह तिथि 22 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 26 अप्रैल 2026 कर दिया गया है. इस संबंध में मंडल द्वारा आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं.
मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य ने जानकारी देते हुए बताया कि कई विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाए थे.
इसे ध्यान में रखते हुए और छात्रों को राहत देने के उद्देश्य से आवेदन की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि इससे उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश अब तक फॉर्म नहीं भर सके हैं. अब विद्यार्थी एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 26 अप्रैल 2026 तक हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं.
मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया से संबंधित अन्य सभी नियम और निर्देश पहले की तरह ही लागू रहेंगे. मंडल ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा करें, ताकि किसी भी तकनीकी या अन्य समस्या से बचा जा सके. यह निर्णय विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे उन्हें एक और अवसर मिल सके.
