बेरूत, 29 मार्च (वार्ता) इज़रायली हवाई हमलों ने शुक्रवार को बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में एक इमारत को निशाना बनाया। पिछले नवंबर में युद्ध विराम पर सहमति बनने के बाद से यह पहला ऐसा हमला था।
हवाई हमलों के तुरंत बाद इज़रायल रक्षा बलों ने कहा कि उन्होंने लेबनान की राजधानी के पास हिज़्बुल्लाह से संबंधित “ड्रोन भंडारण सुविधा” को निशाना बनाया था।
हवाई हमलों से पहले आईडीएफ ने सोशल मीडिया पर निकासी अलर्ट जारी किया, जिसमें लेबनानी नागरिकों को साइट के आस-पास के 300 मीटर के क्षेत्र को छोड़ने की सलाह दी गई। आईडीएफ के अरबी भाषा के प्रवक्ता अविचे अद्राई ने स्थान को चिह्नित करने वाला एक नक्शा साझा किया और निवासियों से तुरंत खाली करने का आग्रह किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब परिवार अपने घरों से भाग रहे थे, तो वहां अफरा-तफरी का माहौल था, कुछ लोग जल्दबाजी में स्कूल खाली कर रहे थे। आगे भी हमले की आशंका के चलते बच्चे पजामा पहनकर निकलते देखे गए। लेबनान के शिक्षा मंत्रालय ने लक्षित क्षेत्र के पास सभी सरकारी और निजी स्कूलों, माध्यमिक संस्थानों, व्यावसायिक केंद्रों और राफिक हरीरी विश्वविद्यालय परिसर को बंद करने का भी आदेश दिया।
