
ब्यावरा।
सुठालिया रोड पर स्थित लोधीपुरा गांव में मंगलवार की दोपहर के समय एक मकान से अज्ञात लोगों द्वारा लाखों रुपये की चोरी करने की सनसनीखेज घटना हुई है. आरोपी मकान में रखे नगदी, सोने-चांदी के लाखों रुपये कीमती आभूषण चोरी कर ले गये.
जानकारी के अनुसार लोधीपुरा निवासी विद्युत विभाग में बाबू के पद पर पदस्थ हीरालाल पिता पूनमचंद लोधा के मुख्य मार्ग पर खेत के यहां स्थित मकान से दोपहर 3 से 4 बजे के बीच चोरी की घटना हुई. सात से आठ लाख रुपये का सामान चोरी होना बताया जा रहा है.
मकान के पीछे खेत पर थेे परिजन
जानकारी के अनुसार घटना के समय मकान के पीछे खेत पर लहसुन निकालने का मजदूरों द्वारा किया जा रहा था. परिजन भी खेत पर थे. परिजन पूनमचंद लोधा एवं उनकी पत्नी दोपहर 2 बजे घर से चाय बनाकर पीछे खेत पर गये थे. निश्चिंत होकर परिजन कृषि कार्य में लगे हुए थे जिन्हें इस तरह की घटना का जरा भी अंदेशा नहीं था. जब यह वापस आये तब मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला.
जानकारी के अनुसार आरोपी यहां से 1 लाख 60 हजार रुपये नगदी सोने का तमनिया वजन ढाई तौला, मंगलसूत्र, हाथ में पहनने का ठड्डा सहित 5 से 6 तौला वजनी सोने के आभूषण, चांदी के कड़े, करदौना, पायजेब आदि आभूषण ले गये. जानकारी के अनुसार 1 लाख 50 हजार रुपये एक दिन पूर्व ही कोई परिचित उधारी के लिए पैसे देकर गया हुआ था.
तिजौरी का लॉकर भी तोड़ा
आरोपी मेन दरवाजे का ताला टॉमी या अन्य किसी औजार से तोड़कर भीतर जा घुसे तथा कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसके लॉकर का लॉक तोड़ते हुए उसमें रखे नगदी रुपये एवं आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गये. जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मौका मुआयना कर जांच पड़ताल में जुट गई.
